पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा थाना क्षेत्र स्थित कदम चौक पर शुक्रवार की अहले सुबह एक बंद बॉडी ट्रक में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि डायल 112 की पुलिस टीम की तत्परता और साहसिक प्रयास से ट्रक में लदे लाखों रुपये के सामान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना अहले सुबह करीब 4:30 बजे की है, जब कदम चौक के पास खड़ी एक बंद बॉडी ट्रक में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते ट्रक से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही मात्र पांच मिनट के भीतर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस टीम ने बिना देर किए ट्रक में लदे सामान को सुरक्षित निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। ट्रक में बड़ी मात्रा में एयर कंडीशनर (AC) लदे हुए थे। पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना जलती ट्रक से AC समेत अन्य सामान को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर रख दिया।
आग पर काबू पाने के लिए डायल 112 की टीम ने तत्काल अग्निशामक दस्ता को भी सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने पुलिस के सहयोग से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
इस साहसिक कार्रवाई में डायल 112 की टीम के चालक राजेश सिंह और पीटीसी बैरिस्टर सिंह शामिल थे, जिन्होंने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से स्थिति को संभालते हुए ट्रक में लदे सामान को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने डायल 112 पुलिस टीम की जमकर सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना जलती ट्रक से काफी मात्रा में AC और अन्य सामान को बचाकर बड़ा नुकसान होने से टाल दिया। पुलिस की इस तत्परता और बहादुरी की इलाके में खूब चर्चा हो रही है।










