मोतिहारी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ मोतिहारी लेक टाउन द्वारा नारी सशक्तिकरण संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन शहर के आई.एम.ए. हॉल, में आयोजित हुआ, जिसमें शहर की कई गणमान्य, समाजसेवी महिलाएंऔर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक भागीदारी के प्रति जागरूक करना तथा समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करना था। संगोष्ठी के दौरान महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में एम.जी. सेंट्रल यूनिवर्सिटी, पूर्वी चंपारण के वनस्पति विज्ञान विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. शहाना मंजुमदार उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज के समग्र विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और आत्मनिर्भरता के माध्यम से महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं और नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।
वहीं श्रम विभाग मोतिहारी की श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी (एल.ई.ओ.) संगीता कुमारी ने महिलाओं को उनके श्रम अधिकारों और सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ उठाकर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
इस अवसर पर एम.जे.के. गर्ल्स हाई स्कूल, पूर्वी चंपारण की सेवानिवृत्त प्राचार्य शशि कला कुमारी ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि शिक्षा महिलाओं को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है और समाज को बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष लोकिता कुमारी (2025-26) के नेतृत्व में किया गया, जबकि सचिव आबिदा शमीम (2025-26) ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शहर के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश दिया।










