जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने महिलाओं को दिलाई सम्मान, अधिकार और आत्मनिर्भरता की शपथ

6

मोतिहारी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को जीविका मोतिहारी के तत्वावधान में स्थानीय राजेंद्र सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आई जीविका समूह की सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं और अपने अनुभव साझा करते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल थे। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार सिंह एवं जीविका समूह की दीदियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं का स्वागत किया गया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी सौरभ जोरवाल ने अपने संबोधन में उपस्थित महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज के विकास में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जीविका के माध्यम से हजारों महिलाएं आज आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बन रही हैं। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को अपने रोजगार, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए शपथ भी दिलाई और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई जीविका दीदियों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। चकिया प्रखंड से आई नीलम देवी ने बताया कि जीविका समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कई तरह के रोजगार शुरू किए हैं और आज अपने गांव में एक अलग पहचान बना चुकी हैं।

पताही प्रखंड से आई रश्मि संध्या ने बताया कि वह जीविका दीदी अधिकार केंद्र की समन्वयक के रूप में कार्य कर रही हैं और इस कार्य के माध्यम से उनके सामाजिक और आर्थिक जीवन में काफी सुधार हुआ है। चकिया प्रखंड की मुन्नी देवी ने कार्यक्रम में महिलाओं के जीवन स्तर को सुधारने के लिए शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा से बड़ी कोई संपत्ति नहीं होती और हर माता-पिता को अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने के लिए प्रयास करना चाहिए।

इस दौरान कई जीविका दीदियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन जीविका की अधिकारी श्रीमती रीना कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक प्रभारी सौरभ कुमार ने किया।

इस मौके पर संचार प्रबंधक राकेश प्रसाद, राजू कुमार पासवान, अभिषेक आनंद, अमित कुमार, नीलम तिवारी, सामंथा रानी, सूरज कुमार विश्वकर्मा सहित जीविका के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, महिलाकर्मी तथा सैकड़ों जीविका दीदियां और कैडर उपस्थित रहे।