होली पर हरसिद्धि पुलिस का बड़ा प्रहार 25 लीटर से अधिक शराब जब्त, कारोबारी फरार — छापेमारी से मचा हड़कंप

21

हरसिद्धि : होली के मद्देनजर थाना क्षेत्र में शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध धंधे पर करारा प्रहार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में अंग्रेजी और देशी शराब की बड़ी खेप बरामद की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि गायघाट और हरसिद्धि क्षेत्र में कुछ लोग होली के अवसर पर अवैध शराब की बिक्री की तैयारी में जुटे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विनय साह (पिता – दारोगा साह) के घर के पीछे छापेमारी की। छापेमारी के दौरान वहां से कुल 15.840 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

जब्त शराब में 1.8 लीटर क्षमता वाली पीएम फ्रूटी की 38 बोतलें (कुल 6.840 लीटर), रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की 375 एमएल की 14 बोतलें (5.250 लीटर) तथा 750 एमएल की 5 बोतलें (3.750 लीटर) शामिल हैं। पुलिस की दबिश की भनक लगते ही कथित कारोबारी मौके से फरार हो गया। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

इसी क्रम में पुलिस ने पकड़ी चौक के समीप एक गुमटी के पीछे भी तलाशी अभियान चलाया, जहां से 10 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से शराब जब्त कर उसे थाने लाया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष ऋषभ कुमार ने बताया कि होली पर्व को शांतिपूर्ण और नशामुक्त बनाने के लिए थाना क्षेत्र में लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। चिन्हित कारोबारियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

गौरतलब है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है, बावजूद इसके त्योहारों के दौरान कुछ असामाजिक तत्व अवैध शराब की तस्करी और बिक्री में सक्रिय हो जाते हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से साफ संकेत मिला है कि प्रशासन कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है।

स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे सख्त कदमों से अवैध कारोबार पर लगाम लगेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।