मोतिहारी/तुरकौलिया बोरिंग चौक स्थित के दो होनहार विद्यार्थियों ने सैनिक स्कूल प्रतियोगी परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई है, वहीं गांव में गर्व और उत्साह का माहौल है।
पहले छात्र शिवम कुमार, पिता संतोष कुमार, निवासी तुरकौलिया नया टोला ने सैनिक स्कूल प्रतियोगी परीक्षा में 248 अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। शिवम की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गांव का सम्मान बढ़ा है। छोटी सी उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल कर शिवम ने यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
वहीं दूसरे छात्र रितिक राज, पिता रमेश गुप्ता, निवासी कोरिया टोला, तुरकौलिया ने 228 अंक प्राप्त कर परीक्षा में सफलता अर्जित की है। रितिक की इस सफलता से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
विद्यालय के संचालक जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि दोनों बच्चे नर्सरी और एलकेजी से ही उनके संस्थान में अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि बचपन से ही दोनों विद्यार्थियों की पढ़ाई के प्रति लगन और अनुशासन को देखते हुए उन्हें विशेष मार्गदर्शन दिया गया। नियमित अभ्यास, मजबूत बुनियाद और समर्पित शिक्षकों की मेहनत का ही परिणाम है कि दोनों छात्र सैनिक स्कूल जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफल हो सके।
संचालक ने यह भी बताया कि उनके विद्यालय से इस वर्ष 16 विद्यार्थियों ने नवोदय विद्यालय की परीक्षा दी है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उनमें से भी कई छात्र सफलता प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहर और गांवों के विद्यार्थी भी यदि उचित मार्गदर्शन और संसाधन पाएं, तो राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। आज तुरकौलिया के ये दोनों बच्चे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गए हैं।










