होटल में शराब पार्टी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन: सिविल सर्जन कार्यालय का क्लर्क सहित आधा दर्जन गिरफ्तार, 80 हजार रुपये बरामद

229

मोतिहारी शहर में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब पार्टी का भंडाफोड़ किया है। सदर एसडीओ अरूण कुमार एवं प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के चर्चित सिमरन होटल में छापेमारी कर सिविल सर्जन कार्यालय के एक लिपिक सहित आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शहर के सिमरन होटल में छापा मारा, जहां शराब पार्टी चल रही थी। मौके से शराब की बोतलें, गिलास और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल संचालक समेत करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार लोगों में सिविल सर्जन कार्यालय के क्लर्क अर्पण कुमार दास का नाम प्रमुख रूप से सामने आया है। बताया जा रहा है कि अर्पण कुमार दास कई सिविल सर्जनों के करीबी माने जाते रहे हैं। शहर में चर्चा है कि वह लंबे समय से कार्यालय की महत्वपूर्ण और कथित ‘मालदार’ फाइलों को संभालते रहे हैं। यहां तक कि पूर्व सिविल सर्जन के साथ नेपाल भ्रमण पर जाने की भी चर्चाएं जोरों पर हैं। हालांकि इन सभी बिंदुओं की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है।

छापेमारी के दौरान मौके से लगभग 80 हजार रुपये नकद बरामद होने की भी बात सामने आ रही है। पुलिस ने उक्त राशि को जब्त कर लिया है और इसकी वैधता की जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि शराब पार्टी के दौरान किसी बड़ी डील को अंजाम देने की तैयारी थी। इसी एंगल से भी पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।

सदर एसडीओ अरूण कुमार ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जा रहा है और किसी भी सूरत में कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं प्रशिक्षु आईपीएस हेमंत कुमार सिंह ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यदि किसी प्रकार की अवैध लेन-देन या साजिश की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।