होली से पहले प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: फफूंदी वाली मिठाई और मिलावटी पनीर-चिकेन पर छापा, अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट का किचेन हुआ सील

64

मोतिहारी होली पर्व से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। सदर एसडीओ अरुण कुमार के नेतृत्व में डीएसपी कुमारी प्रियंका, फूड इंस्पेक्टर एवं नगर थाना पुलिस की टीम ने शहर के कई मिष्ठान भंडार और रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट के कारखाने में फफूंदी लगी मिठाई, खराब पनीर और संदिग्ध चिकेन बरामद किया गया। जांच में कई प्रकार के केमिकल भी पाए गए, जिनका उपयोग खाद्य सामग्री में किया जा रहा था।

मौके पर ही एसडीओ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट के कारखाने को सील कर दिया। इसके अलावा आधा दर्जन दुकानों से मिठाई, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।

छापेमारी के दौरान वजन मशीन में भी भारी गड़बड़ी सामने आई, जिससे ग्राहकों के साथ ठगी का खुलासा हुआ।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि त्योहार के नाम पर मिलावट करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।