पहाड़पुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिसही गाँव से ‘देवा’ गिरफ्तार

143

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के चर्चित कुबेर पाण्डेय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पहाड़पुर थाना पुलिस ने फरार चल रहे एक अहम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बिसही गाँव में छापेमारी कर अवनीश कुमार सिंह उर्फ देवा को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी अवनीश कुमार सिंह उर्फ देवा लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि देवा ही वह शूटर है, जिसने वर्ष 2024 में अरेराज से लौकाहा स्थित अपने घर लौट रहे कुबेर पाण्डेय की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

मृतक कुबेर पाण्डेय अरेराज BRC में कार्यरत थे। उनकी हत्या की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस हत्याकांड ने उस समय कई सवाल खड़े कर दिए थे। अब पुलिस की जांच में जो चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, उसने सभी को हैरान कर दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुबेर पाण्डेय की हत्या किसी बाहरी दुश्मनी का नतीजा नहीं थी, बल्कि यह एक सोची-समझी साजिश का परिणाम था। जांच में सामने आया है कि मृतक के सगे भाई लोकेश पाण्डेय ने ही कथित तौर पर सुपारी देकर अपने भाई की हत्या करवाई थी। पारिवारिक विवाद को लेकर इस साजिश को अंजाम दिया गया।

हत्या की इस साजिश में अवनीश कुमार सिंह उर्फ देवा की भूमिका मुख्य शूटर के रूप में बताई जा रही है। वारदात के बाद से ही वह फरार था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पहाड़पुर पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र के सहारे उसकी लोकेशन ट्रैक की और बिसही गाँव में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ में और भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस इस हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई से पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अपराधी चाहे जितना भी चालाक क्यों न हो, कानून के हाथ से बच नहीं सकता। फिलहाल पूरे इलाके में इस गिरफ्तारी को लेकर चर्चा तेज है और लोग पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं।

मामले में आगे की जांच जारी है।