डायट स्मार्ट एकेडमी का वार्षिक उत्सव पार्ट–2 धूमधाम से सम्पन्न

69

मोतिहारी, 22 फरवरी 2026:

शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान डायट स्मार्ट एकेडमी में वार्षिक उत्सव पार्ट–2 का आयोजन बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के संस्थापक पंकज श्रीवास्तव, निदेशक रीति श्रीवास्तव, असिस्टेंट डायरेक्टर श्रुति सिन्हा, प्रिंसिपल दिव्या वर्मा, स्नेहा श्रीवास्तव एवं रुपाली मैम ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित सभागार में बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों द्वारा प्रार्थना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने प्राचीन भारतीय शिक्षा पद्धति से लेकर विश्वविख्यात नालंदा विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा तक की प्रेरक प्रस्तुति दी। बच्चों ने गुरुकुल व्यवस्था के नैतिक मूल्यों, मैकाले मिनट के प्रभाव तथा आजादी के बाद शिक्षा क्षेत्र में हुए बदलावों और आधुनिक तकनीक के समावेश पर प्रभावशाली ढंग से प्रकाश डाला। उनकी ज्ञानवर्धक प्रस्तुति ने सभी को प्रभावित किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में छात्र-छात्राओं ने किसान थीम पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर अन्नदाता के महत्व को दर्शाया। डांडिया डांस, पारंपरिक वेशभूषा और देशभक्ति गीतों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। विभिन्न राज्यों की झांकियों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता की सजीव झलक प्रस्तुत की गई, जिसे अभिभावकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण छोटे बच्चों द्वारा आयोजित टॉक शो रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। डांस टीचर रोहित गुप्ता के मार्गदर्शन में सभी प्रस्तुतियाँ बेहद प्रभावशाली रहीं। वहीं नन्हीं प्रिशा के सोलो परफॉर्मेंस ने सभागार को तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा दिया।

छात्राओं वृद्धि सिन्हा, आव्या श्रीवास्तव और माही प्रिया ने अपनी प्रभावशाली स्पीच से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी स्पष्ट उच्चारण शैली और आत्मविश्वास ने विद्यालय की व्यक्तित्व विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाया।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन प्रमाण पत्र प्रदान किए। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। अभिभावकों ने विद्यालय के बेहतर समन्वय, नियमित संवाद प्रणाली और प्रत्येक दो कक्षाओं पर अलग कोऑर्डिनेटर की नियुक्ति की विशेष सराहना की।

कार्यक्रम का सफल संचालन दीपक सर एवं सलोनी गुप्ता ने प्रभावशाली ढंग से किया। अंत में संस्थापक पंकज श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन और समय प्रबंधन का महत्व समझाते हुए प्रेरणादायक संदेश दिया।

निदेशक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ और सभी के मन में अविस्मरणीय यादें छोड़ गया।