मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र के बलुआ चौक से पुलिस ने अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉटरी और शराब के धंधे का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध लॉटरी टिकट और नकदी बरामद की है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बलुआ चौक स्थित कृष्णनंदन जायसवाल के घर से अवैध रूप से लॉटरी का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। छापेमारी के दौरान घर की तलाशी लेने पर कुल 230 बंडल अवैध लॉटरी टिकट और 4 लाख 10 हजार 650 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद रकम को लॉटरी कारोबार से जुड़ी अवैध कमाई माना जा रहा है।
पुलिस ने मौके से लॉटरी कारोबार में संलिप्त कृष्णनंदन जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान करने में जुट गई है।
इसी कार्रवाई के क्रम में पुलिस ने बलुआ बाजार स्थित एक दुकान पर भी छापा मारा। दुकान और उसके बगल से कुल 24 पीस कस्तूरी शराब बरामद की गई। अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में विशाल कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध लॉटरी और शराब का धंधा चल रहा था, लेकिन इस कार्रवाई के बाद पुलिस की सक्रियता से लोगों में भरोसा बढ़ा है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने साफ किया है कि अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई को मोतिहारी पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। एक साथ लाखों रुपये नकद, सैकड़ों बंडल लॉटरी और शराब की बरामदगी ने यह साफ कर दिया है कि अवैध कारोबार का जाल कितना व्यापक था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है, ताकि इस धंधे से जुड़े हर व्यक्ति तक कानून का शिकंजा पहुंच सके।










