मोतिहारी: लापता 10 वर्षीय बच्ची रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद, परिजनों ने ली राहत की सांस

70

मोतिहारी से एक राहत भरी लेकिन चिंताजनक खबर सामने आई है, जहाँ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 10 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। दरपा थाना क्षेत्र के गम्हरिया कला वार्ड नंबर 1 निवासी अजीत कुमार की पुत्री संजू कुमारी 9 तारीख की शाम घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। बच्ची के अचानक लापता होने से परिवार में कोहराम मच गया था।

परिजनों ने पहले अपने स्तर से रिश्तेदारों, पड़ोसियों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन जब कहीं से कोई सुराग नहीं मिला तो थक-हारकर परिवार ने दरपा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बेटी के गायब होने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था और वे लगातार प्रशासन से जल्द बरामदगी की गुहार लगा रहे थे।

इसी बीच मामले में एक अहम मोड़ तब आया जब कल रात करीब 11:30 बजे मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर एक यात्री ने एक बच्ची को रोते हुए देखा। बच्ची की हालत संदिग्ध लगने पर यात्री ने तुरंत रेलवे जीआरपी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को अपने संरक्षण में लिया और थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ के दौरान बच्ची ने अपना नाम संजू कुमारी बताया और बताया कि वह दरपा थाना क्षेत्र के गम्हरिया कला की रहने वाली है। इसके बाद जीआरपी पुलिस ने बिना देर किए दरपा थाना से संपर्क किया। जांच में पुष्टि हुई कि इसी नाम की बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज है।

रात करीब 4 बजे दरपा थाना से केस के अनुसंधानकर्ता अधिकारी कृष्णा सिंह मोतिहारी रेलवे थाना पहुंचे, जहाँ जीआरपी पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बच्ची को उनके हवाले कर दिया। इसके बाद दरपा पुलिस बच्ची को लेकर आगे की कार्रवाई के लिए रवाना हो गई।

बच्ची के सकुशल मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची घर से रेलवे स्टेशन तक कैसे पहुंची और इस दौरान उसके साथ क्या-क्या हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।