मोतिहारी। 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल को सफल बनाने के उद्देश्य से सोमवार को मोतिहारी के बलुआ गोलंबर स्थित पार्क में श्रमिक संगठनों का संयुक्त कन्वेंशन आयोजित किया गया। कन्वेंशन की अध्यक्षता पूर्वी चंपारण ऑटो संघ के जिला अध्यक्ष संजय गुप्ता ने की, जबकि संचालन का दायित्व कामरेड शक्ति नाथ तिवारी ने संभाला। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई, जिसके बाद श्रमिक एकता और संघर्ष को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
कन्वेंशन को संबोधित करते हुए सीटू के राज्य महासचिव कामरेड अनुपम कुमार ने केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार श्रम संहिताओं (4 लेबर कोड) को मजदूर विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि इन लेबर कोड के माध्यम से श्रमिकों के वर्षों से अर्जित अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है। न्यूनतम मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा, स्थायी रोजगार और यूनियन बनाने के अधिकार पर सीधा हमला किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता देते हुए मजदूर वर्ग की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
कामरेड अनुपम कुमार ने मजदूरों से आह्वान किया कि 12 फरवरी की राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए सभी श्रमिक संगठन एकजुट होकर व्यापक तैयारी करें। उन्होंने कहा कि यह हड़ताल केवल मांगों की लड़ाई नहीं है, बल्कि मजदूरों के सम्मान, अधिकार और भविष्य की सुरक्षा की लड़ाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मजदूर वर्ग संगठित नहीं हुआ, तो आने वाले समय में हालात और भी कठिन हो जाएंगे।
कन्वेंशन को कई अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कामरेड अशोक पाठक, मुकेश कुमार, संतोष कुमार, शंभू शरण यादव, दिलीप कुशवाहा, प्रदीप साहनी, हेमराज हाशमी, दिनेश कुशवाहा, चंदेश्वर सिंह, भाग्य नारायण चौधरी, सुभाष कुशवाहा, वीरेंद्र यादव, संतलाल दास, बच्चा यादव, विपिन बिहारी दुबे, दीपक शर्मा, धर्मराज यादव और अफरोज हाशमी सहित अन्य नेताओं ने अपने संबोधन में श्रमिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और निजीकरण की नीतियों ने आम मजदूर की कमर तोड़ दी है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि असंगठित क्षेत्र के मजदूरों की स्थिति सबसे ज्यादा दयनीय है, लेकिन सरकार उनकी सुरक्षा और कल्याण के प्रति गंभीर नहीं है। सभी ने एक स्वर में 12 फरवरी की हड़ताल को सफल बनाने के लिए गांव-गांव और कार्यस्थल तक जनसंपर्क अभियान तेज करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जिला सचिव सत्येंद्र कुमार मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने सभी संगठनों, वक्ताओं और श्रमिक साथियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह कन्वेंशन मजदूर आंदोलन को नई ऊर्जा देगा। अंत में गगनभेदी नारों—“मजदूर एकता जिंदाबाद”, “चार लेबर कोड वापस लो” और “आम हड़ताल सफल बनाओ”—के साथ कन्वेंशन का समापन हुआ।










