डीएम सौरभ जोरवाल ने वर्षों से लंबित मांग पर पत्रकारों को सौंपने का दिया निर्देश, प्रेस क्लब मोतिहारी को मिला अपना भवन

193

मोतिहारी। वर्षों से लंबित चली आ रही पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण मांग पर जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने ऐतिहासिक और साहसिक फैसला लेते हुए प्रेस क्लब मोतिहारी को बड़ी सौगात दी है। डीएम के इस निर्णय से जिले के पत्रकारों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

दरअसल, आज प्रेस क्लब मोतिहारी का एक शिष्टमंडल जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल से मिला और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रेस क्लब की बिल्डिंग को वास्तविक पत्रकारों को हस्तगत कराने की मांग रखी गई थी। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने पत्रकारों की मांग को सहर्ष स्वीकार किया और सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी (आईपीआरडी) को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रेस भवन को तत्काल प्रभाव से खाली कराकर एक सप्ताह के भीतर “प्रेस क्लब मोतिहारी” को सौंप दिया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में जो भी सरकारी कार्यालय प्रेस भवन में संचालित हैं, उन्हें वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया तय समय सीमा के भीतर पूर्ण की जाए। डीएम के इस स्पष्ट और निर्णायक आदेश को पत्रकारों ने ऐतिहासिक बताया और इसके लिए उनका आभार जताया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रेस क्लब के अध्यक्ष को आईपीआरडी ग्रुप का एडमिन भी नामित किया, ताकि वास्तविक और सक्रिय पत्रकारों को ही ग्रुप से जोड़ा जा सके। इस मौके पर प्रेस क्लब और जिला प्रशासन के बीच आपसी सामंजस्य को और मजबूत करने पर भी सहमति बनी। तय किया गया कि वरिष्ठ पत्रकारों की एक समिति बनाई जाएगी, जो सक्रिय और वास्तविक पत्रकारों की पहचान करेगी, जिससे पत्रकारिता जगत में पारदर्शिता और अनुशासन बना रहे।

इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक महीने एक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नए पत्रकारों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशालाओं में सम-सामयिक विषयों, मीडिया की भूमिका और एथिक्स ऑफ जर्नलिज्म जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी, जिससे जिले में पत्रकारिता का स्तर और अधिक सशक्त हो सके।

प्रेस क्लब के इस शिष्टमंडल में संजय कौशिक, राजन दत्त द्विवेदी, राजन द्विवेदी, ज्ञानेश्वर गौतम, सचिन पांडे, कैलाश गुप्ता, अविनाश कुमार, नरेंद्र झा सहित कई वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार मौजूद रहे।

इस उपलब्धि पर प्रेस क्लब मोतिहारी के अध्यक्ष संजय कौशिक, सचिव राजन दत्त द्विवेदी, उपाध्यक्ष नरेंद्र झा और राकेश कुमार को एनयूजे बिहार के प्रदेश कार्यक्रम अध्यक्ष शिव कुमार यति, एनयूजे जिला उपाध्यक्ष सुधांशु पांडे, दैनिक भास्कर के वरिष्ठ पत्रकार धनंजय कुमार मिश्रा उर्फ मुन्ना मिश्रा, गरीब दर्शन के संपादक दिग्विजय भारतद्वाज, रिपब्लिक 7 भारत के एडिटर-इन-चीफ रजनीश रवि, एसके लाइव के संपादक सतीश कुमार मिश्रा, रत्नेश कुमार, अमित सिंह सहित अनेक पत्रकारों व समाजसेवियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

डीएम सौरभ जोरवाल का यह निर्णय न सिर्फ पत्रकारों के सम्मान का प्रतीक है, बल्कि स्वतंत्र और जिम्मेदार पत्रकारिता को मजबूती देने की दिशा में एक मील का पत्थर भी माना जा रहा है।