बैद्यनाथ चीनी मिल, चकिया के पुनः संचालन की दिशा में बड़ा कदम, जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

221

पुर्वी चंपारण, 13 दिसंबर 2025 (शनिवार) — जिले के औद्योगिक विकास और किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिलाधिकारी  सौरभ जोरवाल ने शनिवार को बैद्यनाथ चीनी मिल, चकिया का विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ अपर समाहर्ता  मुकेश कुमार सिंहा एवं उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार भी मौजूद रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य चीनी मिल को पुनः चालू करने की संभावनाओं का आकलन करना तथा इससे जुड़े तकनीकी, प्रशासनिक एवं संरचनात्मक पहलुओं की समीक्षा करना रहा।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने मिल परिसर का भ्रमण कर मशीनरी की वर्तमान स्थिति, भवन संरचना, विद्युत आपूर्ति, जल व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा कच्चे माल की उपलब्धता से संबंधित बिंदुओं पर गहन चर्चा की। अधिकारियों ने मिल प्रबंधन से आवश्यक दस्तावेजों एवं तकनीकी विवरणों की जानकारी प्राप्त की और संभावित कमियों को भी चिह्नित किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निरीक्षण से संबंधित प्रतिवेदन तैयार कर शीघ्र विभाग को भेजा जाएगा, ताकि आगे की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके।

जिलाधिकारी  सौरभ जोरवाल ने कहा कि बैद्यनाथ चीनी मिल का संचालन क्षेत्र के किसानों, मजदूरों और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। मिल के पुनः चालू होने से न केवल गन्ना उत्पादक किसानों को उचित मूल्य और समय पर भुगतान सुनिश्चित होगा, बल्कि बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान चकिया की अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री शिवानी शुभम् भी उपस्थित रहीं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सहयोग, भूमि एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी तथा बताया कि मिल के संचालन में अनुमंडल प्रशासन हरसंभव सहयोग देने के लिए तत्पर है।

स्थानीय किसानों और जनप्रतिनिधियों में इस निरीक्षण को लेकर उत्साह देखा गया। लोगों को उम्मीद है कि लंबे समय से बंद पड़ी बैद्यनाथ चीनी मिल के पुनः संचालन से चकिया एवं आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। प्रशासनिक स्तर पर हुई यह पहल जिले के औद्योगिक पुनरुत्थान की दिशा में एक सकारात्मक और निर्णायक कदम मानी जा रही है।

      एडिटर इन चीफ रजनीश रवि की रिपोर्ट