राधामोहन सिंह से मिलने पहुंचे रक्षा मंत्री और यूपी सीएम

298

मोतिहारी: पूर्व केंद्रीय मंत्री सह मोतिहारी सांसद राधामोहन सिंह के स्वास्थ्य में सुधार के लिए देशभर में दुआएं की जा रही हैं। इस बीच उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए देश के शीर्ष नेताओं का यशोदा मेडिसिटी, गाज़ियाबाद पहुंचना जारी है। शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक अस्पताल पहुंचे और राधामोहन सिंह का हाल-चाल जाना।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डॉक्टरों से विस्तृत जानकारी हासिल की तथा राधामोहन सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की। उन्होंने कहा कि राधामोहन सिंह भारतीय राजनीति के वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं, उनकी स्वस्थता देश और समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अस्पताल के चिकित्सकों को निर्देश दिया कि उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राधामोहन सिंह का स्वास्थ्य लगातार बेहतर हो रहा है और शीघ्र ही वह पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर जनता की सेवा में वापस लौटेंगे। स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने भी चिकित्सकीय प्रबंधन की गहन समीक्षा की और परिवार के सदस्यों से मिलकर स्थिति की जानकारी ली।

इधर, राधामोहन सिंह के समर्थकों और बिहार के जनप्रतिनिधियों द्वारा निरंतर उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मोतिहारी में भी पार्टी कार्यकर्ता और शुभचिंतक मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व स्वास्थ्य अस्वस्थ होने के बाद उन्हें गाज़ियाबाद के यशोदा मेडिसिटी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है तथा लगातार सुधार देखा जा रहा है।

समूचे बिहार में राधामोहन सिंह के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थनाओं का दौर जारी है। समाचार है कि स्वास्थ्य में सुधार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी जल्द दी जा सकती है।