जन सुराज पार्टी ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी सूची, मंतोष सहनी को मिला कल्याणपुर से टिकट

431

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में जन सुराज पार्टी ने सोमवार को अपने 65 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। राजधानी पटना के बेली रोड स्थित शेखपुरा हाउस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची की औपचारिक घोषणा की।

इस सूची में कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र से मंतोष सहनी को उम्मीदवार बनाया गया है। टिकट की घोषणा के अगले ही दिन मंगलवार को मंतोष सहनी ने कोटवा प्रखंड में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि वे जन सुराज के सिद्धांतों और प्रशांत किशोर के नेतृत्व में बिहार को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान मंतोष सहनी ने कहा, “जन सुराज केवल एक राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि यह एक जन आंदोलन है जो व्यवस्था परिवर्तन और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से विकास की नई राह बनाना चाहता है। हम हर घर तक जन सुराज के मुद्दे, विचार और संकल्प को लेकर जाएंगे। हमारी प्राथमिकताएं स्पष्ट हैं — शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और भ्रष्टाचारमुक्त शासन।”

उन्होंने आगे कहा कि पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के विज़न से वे बेहद प्रेरित हैं और उन्होंने पार्टी द्वारा जताए गए विश्वास को जनता के समर्थन से मजबूत बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी की दूसरी सूची में बिहार के विभिन्न जिलों से समाज के सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है। यह सूची यह दर्शाती है कि पार्टी केवल चुनावी जीत नहीं, बल्कि सामाजिक समावेश और ईमानदार नेतृत्व को प्राथमिकता दे रही है।

मंतोष सहनी ने कहा कि जन सुराज पार्टी बिहार की राजनीति में एक सकारात्मक विकल्प के रूप में उभर रही है, जहां न जाति का खेल है, न भ्रष्टाचार की जगह। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य है कि ऐसे उम्मीदवार सामने लाए जाएं जो शिक्षित, ईमानदार और जनसेवा के लिए तत्पर हों।

इस अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोटवा प्रखंड प्रभारी फिरोज आलम, प्रखंड संयोजक विनय कुमार सहनी, प्रखंड उपाध्यक्ष लल्लन यादव, विनोद राम सहित कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुटता दिखाते हुए मंतोष सहनी को जीत दिलाने का संकल्प लिया।

जन सुराज पार्टी की यह सूची और मंतोष सहनी जैसे युवा, ऊर्जावान उम्मीदवारों का चयन यह दर्शाता है कि पार्टी बिहार में एक नई राजनीतिक संस्कृति को जन्म देने के लिए तैयार है। अब देखना होगा कि जनता इस परिवर्तन के संकल्प में कितनी भागीदारी निभाती है।