सपही गांव में हॉकी खेल के दौरान किशोर की मौत, दो गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

270

रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सपही गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गांव के मैदान में बच्चों के बीच खेला जा रहा हॉकी का खेल एक दुखद हादसे में बदल गया। खेल के दौरान 14 वर्षीय तृजभान कुमार, पिता सहदेव राम, को गंभीर चोट लग गई। घटना के तुरंत बाद परिजनों द्वारा उसे पास के म्यूजिक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया।

पटना में विगत दो दिनों से उसका इलाज चल रहा था, परंतु तमाम प्रयासों के बावजूद 27 जून 2025 को उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और आक्रोश भी व्याप्त है।

घटना की जानकारी मिलते ही रघुनाथपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो किशोरों – रितिक रोशन (उम्र लगभग 16 वर्ष) और करण कुमार (उम्र लगभग 17 वर्ष), जो आपस में सगे भाई हैं तथा राकेश साह के पुत्र हैं – को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की माता उर्मिला देवी, पति सहदेव राम की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में अन्य कई लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनमें आदित्य कुमार, रंजीत शाह, गौतम कुमार, सीता देवी और चंदा देवी शामिल हैं। इन सभी को घटना में संलिप्त या सहयोगी के रूप में उपयुक्त माना गया है। पुलिस द्वारा इन सभी की तलाश तेज़ी से की जा रही है।

रघुनाथपुर थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की पूरी जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। वहीं गांव के लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।