मोतीहारी, 07 मई 2025: पिछले दिनों कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की 15वीं बरसी पर आज पूर्वी चंपारण जिले में स्वर्णकार संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा गुदरी बाजार चौक पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य भारत सरकार द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ की सफलता का जश्न मनाना और देश के वीर जवानों को सम्मानित करना था।
बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय वायुसेना ने ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में घुसकर आतंकी संगठनों के ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्यवाही पहलगाम हमले के प्रतिशोध स्वरूप की गई, जिसमें कई निर्दोष भारतीय नागरिक शहीद हुए थे।
गुदरी बाजार चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए। भारत माता की जय और “पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा। पटाखों की गूंज और लोगों के उत्साह से यह साफ झलक रहा था कि पूर्वी चंपारण की जनता देश की सुरक्षा और अखंडता को लेकर कितनी जागरूक और भावुक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार स्वर्णकार ने की। मंच से अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी टीम ने जिस दृढ़ता से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया है, वह सराहनीय है। यह सिर्फ जवाब नहीं, बल्कि एक स्पष्ट संदेश है कि भारत अब किसी भी आतंकी हरकत को सहन नहीं करेगा।”
इस अवसर पर नगर उपमेयर लालबाबू गुप्ता भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा, “हमारे देश के जवानों ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि भारत की सुरक्षा पंक्ति अभेद्य है। हम सभी देशवासियों को अपनी सेना पर गर्व है।”
जिला महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी सुधीर गुप्ता ने कहा, “ऑपरेशन सिन्दूर सिर्फ सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि हर भारतीय के दिल की आवाज थी। इस साहसिक कदम से यह संदेश गया है कि अब पीओके पर भारत का दावा और मजबूत हुआ है।”
कार्यक्रम के दौरान अनेक लोगों ने अपनी भावनाएँ प्रकट कीं। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’, ‘भारत माता की जय’, ‘वीर जवान अमर रहें’ जैसे नारों से सारा क्षेत्र गूंज उठा। लोगों ने आतिशबाज़ी कर वायुसेना के पराक्रम का उत्सव मनाया।
इस कार्यक्रम में शामिल अन्य प्रमुख पदाधिकारियों में सचिव राजेश कुमार, उपाध्यक्ष दीपक सर्राफ, सुमित कुमार, दशरथ कुमार, सूरज कुमार, अविनाश कुमार, रितिक कुमार, उमेश कुमार, सुधीर कुमार, दिनेश कुमार और गुड्डू बबलू प्रमुख रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि अब समय आ गया है जब पाकिस्तान को स्पष्ट चेतावनी दे दी जाए – “पीओके हमारा है और हम उसे लेकर रहेंगे।”
कार्यक्रम का समापन भारत माता की सामूहिक आरती और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि के साथ किया गया। साथ ही यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि ऐसे राष्ट्रभक्ति से जुड़े आयोजनों को भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी को देशभक्ति की प्रेरणा मिलती रहे।









