शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा आउटरिच कैंप का आयोजन

117

200 से अधिक लोगों की हुई जांच, नि:शुल्क दवाओं का वितरण

मोतिहारी,   18 मार्च   Republic 7 भारत

राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, बरियारपुर के सहयोग से मोतिहारी शहर के बलुआ दुर्गा मंदिर परिसर में आउटरिच कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर में 200 से अधिक मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें बीपी, शुगर, ब्लड प्रेशर और टीबी के लक्षणों की पहचान के लिए बलगम के नमूने एकत्र किए गए। यह पहल संभावित टीबी मरीजों की पहचान और उनके समुचित उपचार के लिए की गई।

इस अवसर पर मोतिहारी के उपमहापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने बताया कि अगले 40 दिनों तक विभिन्न वार्डों में आउटरिच कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिससे लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि रोगों का प्रारंभिक स्तर पर निदान भी संभव हो सकेगा।

नि:शुल्क दवाओं का वितरण और स्वास्थ्य परामर्श

शिविर में अनुभवी डॉक्टरों और नर्सों की टीम ने मरीजों की जांच की और आवश्यक नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं। चिकित्सकों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।

परिवार नियोजन संसाधनों का स्टॉल लगाया गया

कैंप में परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी साधनों की जानकारी दी गई। इस दौरान स्टॉल पर कंडोम, माला-एन, छाया, अंतरा इंजेक्शन जैसी परिवार नियोजन सामग्रियों का वितरण किया गया।

डॉ. शिवम सिन्हा, नोडल चिकित्सा पदाधिकारी, ने बताया कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। गंभीर बीमारियों की पहचान के बाद मरीजों को मोतिहारी सदर अस्पताल में समुचित इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

शिविर में मौजूद प्रमुख लोग

इस अवसर पर डॉ. सुनील कुमार, डॉ. शिवम सिन्हा, अनुश्रवण पदाधिकारी अमानुल्लाह अमन, वार्ड पार्षद मुजाहिद आलम, विनोद पासवान, केशर सिंह, शिवकुमार, यक्ष्मा विभाग के अनिल कुमार, पीएसआई के संजीव कुमार पांडेय, स्वास्थ्य कार्यकर्ता मिन्की कुमारी, अंजू कुमारी, बबीता, स्वाति, गुड़िया समेत कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस आयोजन से स्थानीय लोगों को बड़ी संख्या में लाभ मिला और आगामी शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया गया।