परशुरामपुर, पूर्वी चंपारण – केदारनाथ महादेव, दुर्गा एवं हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ के शुभ अवसर पर एक भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें 1100 कन्याओं सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस आयोजन से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया।
कलश यात्रा का भव्य आयोजन
यह कलश यात्रा परशुरामपुर स्थित केदारनाथ मंदिर से प्रारंभ होकर पूरे गांव का भ्रमण करते हुए अशर्फी शाह टोला, मुरारपुर, तुरकौलिया बाजार होते हुए ऐतिहासिक स्थल गांधीघाट पहुंची। वहां काशी से पधारे आचार्य सर्वेश पाण्डेय, आचार्य नीरज मिश्रा, पं. सोनू चौबे, पं. अभिषेक शास्त्री, पं. हरिकांत शास्त्री समेत अन्य वैदिक आचार्यों द्वारा वेद मंत्रोच्चारण के साथ जलभराई सम्पन्न कराई गई। इसके बाद जलयात्रा बोरिंग चौक, निमुईया, परशुरामपुर चौक होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची।
इस दौरान शिव-पार्वती की आकर्षक झांकी, हाथी, घोड़े, रथ तथा गाजे-बाजे के साथ निकली यात्रा श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण रही। ग्रामीणों ने अपने घरों से बाहर निकलकर इस पवित्र दृश्य का दर्शन किया और श्रद्धाभाव से यात्रा का स्वागत किया।
महायज्ञ का विस्तृत कार्यक्रम
महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में इस प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का आयोजन ग्राम- परशुरामपुर, सेमरा टोला, पोस्ट-थाना तुरकौलिया, जिला-पूर्वी चंपारण, बिहार में किया जा रहा है। यह आयोजन 20 फरवरी से 26 फरवरी 2025 तक चलेगा।
20 फरवरी – शोभायात्रा एवं जलयात्रा
21 फरवरी – पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश, वेदी पूजन एवं आरती
22 फरवरी – प्रातः पूजन, आदिवास आरती, संध्या पूजन
23-25 फरवरी – प्रातः पूजन, आदिवास आरती, संध्या पूजन
26 फरवरी – प्रातः पूजन, प्राण प्रतिष्ठा, हवन, पूर्णाहुति एवं महा भंडारा
मुख्य यजमान एवं आयोजन समिति
इस महायज्ञ में मुख्य यजमान केदारनाथ गुप्ता, मनोज प्रसाद शाह, वीरेंद्र शाह, पन्नालाल शाह एवं कुंदन शाह अपनी धर्म पत्नियों के साथ शामिल हुए।
अध्यक्ष – सुनील शाह
संरक्षक – संजय प्रसाद शाह
सचिव – रामाधार शाह
अन्य प्रमुख सदस्य – सुरत शाह, सुबास शाह, ध्रुव शाह, अजय शाह
विशाल मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं के मनोरंजन एवं धार्मिक आस्था को समर्पित विशाल मेले का आयोजन किया गया है, जिसमें झूले, मीना बाजार, रामलीला और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं।
सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन की उपस्थिति
यज्ञ स्थल की सुरक्षा व्यवस्था के लिए तुरकौलिया थाना प्रभारी सुनील कुमार अपने दल-बल के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने समस्त नगरवासियों से शांति और श्रद्धाभाव बनाए रखने की अपील की।
श्रद्धालुओं में भक्तिमय उत्साह
महायज्ञ के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में उपस्थित होकर पूजन-अर्चन में भाग ले रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा, हवन और महा भंडारे में हजारों भक्तों के शामिल होने की संभावना है।
यह भव्य आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए एक धार्मिक और आध्यात्मिक उत्सव बन चुका है, जिससे श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।










