रिपब्लिक 7 भारत ब्यूरो राजनिश रवि कि रिपोर्ट
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मोतिहारी के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पति, पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। यह हादसा फतेहाबाद के पास रात करीब एक बजे हुआ। परिवार महाकुंभ में स्नान के बाद दिल्ली लौट रहा था।
तेज रफ्तार कार ने ली चार जिंदगियां
जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश आर्य (42), उनकी पत्नी पूर्णिमा (36), बेटी अहाना (9) और बेटा विनायक (3) कार से दिल्ली वापस जा रहे थे। रास्ते में उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कई मीटर तक घिसटती चली गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मौके पर ही चारों की मौत हो गई।
https://youtu.be/zUcnTdxV5RU?si=kLZBjOX9U38mjqwu h4>
पुलिस और क्रेन की मदद से शव निकाले गए
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त कार का दरवाजा काटकर शवों को बाहर निकाला गया। कार के मलबे को क्रेन की मदद से हटाया गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात भी बाधित हो गया था। पुलिस ने मृतकों के पास मिले दस्तावेज और मोबाइल की मदद से उनके दिल्ली में रहने वाले रिश्तेदारों को सूचना दी।
परिवार का परिचय
ओमप्रकाश आर्य पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट थे और अपनी पत्नी व बच्चों के साथ दिल्ली के उत्तम नगर में रहते थे। उनके पिता और दोनों बड़े भाई की फैमिली मोतिहारी के पिरारी गांव में रहती है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के माता-पिता और अन्य परिजन यूपी के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के बाद मोतिहारी लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
झपकी और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि हादसे की वजह कार चालक को झपकी आना और तेज रफ्तार हो सकती है। बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश खुद कार चला रहे थे। ट्रक से हुई इस भीषण टक्कर में ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
परिवार और गांव में मातम
इस दुखद हादसे से पूरे परिवार और गांव में मातम छा गया है। ओमप्रकाश का पूरा परिवार इस हादसे में खत्म हो गया। गांव के लोग उनके माता-पिता और परिवार को सांत्वना देने के लिए जुटने लगे हैं। पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।










