मोतिहारी, जिला स्थापना दिवस के अवसर पर पूर्वी चंपारण समाहरणालय स्थित डॉक्टर राधाकृष्णन सभागार में जिलाधिकारी सौरव जोरवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की तैयारियों पर चर्चा हुई।
जिसमें माननीय विधायक प्रमोद कुमार, जिला प्रशासन के पदाधिकारी, शिक्षाविद, कला प्रेमी, सांस्कृतिक कर्मी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे ! बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का जिलाधिकारी द्वारा स्वागत किया गया, तत्पश्चात बैठक की कार्रवाई प्रारंभ हुई। इस बैठक में उपस्थित सदस्यों ने बताया कि 1972 में चंपारण जिले को विभाजित कर पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिले बनाए गए। जिला स्थापना दिवस समारोह की परंपरा एक दशक से चली आ रही है, जो महात्मा गांधी के जन्मदिन 2 अक्टूबर से प्रारंभ हुई थी। बैठक में पूर्वी चंपारण जिले के 53 वें स्थापना दिवस को भव्य रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
सुबह के समय में प्रभात फेरी निकाली जाएगी, संध्या के समय में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
पूर्वी चंपारण जिला स्थापना दिवस, 2 अक्टूबर के अवसर पर, सुबह 6:00 बजे स्कूली बच्चों की प्रभातफेरी निकाली जाएगी, जो समाहरणालय के मुख्य प्रवेश द्वार से बलुआ चौक तक और फिर गांधी बाल उद्यान तक जाएगी। इसके बाद, 7:30 बजे पूर्वाह्न में गांधी बाल उद्यान में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। माल्यार्पण के बाद, यहां से गुब्बारा उड़कर विकास के पथ पर बढ़ते पूर्वी चंपारण का संदेश दिया जाएगा।
सुबह 8:00 बजे चरखा पार्क में गांधी जी पर आधारित भजन कीर्तन और सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित होगी। इसके अलावा दिन में 10:00 बजे से गांधी मैदान में खेलकूद और दोपहर 2:00 बजे से समाहरणालय के सामने आईसीडीएस द्वारा रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
जिला स्थापना दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्कूली बच्चे, जिला युवा उत्सव के विजेता कलाकार और नामचीन कलाकार प्रस्तुति देंगे।
इस अवसर पर मोतिहारी के विधायक ने कहा कि पूर्वी चंपारण की गरिमा के अनुसार एक सांस्कृतिक कार्यक्रम की भव्य रूपरेखा तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिला स्थापना दिवस का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी और विधायक के साथ-साथ नगर आयुक्त सौरभ सुमन यादव, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शैलेंद्र भारती, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन राजेश्वरी पांडे, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा, जिला नजारत शाखा, विकास शाखा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी और अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा प्रो. अरुण कुमार, संजय कुमार पांडे, रामचंद्र प्रसाद साह, शैलेंद्र कुमार सिंहा, इवलिन विनय, प्रो. दिवाकर नारायण पाठक सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।










