मशरूम उत्पादन पर नाबार्ड का प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न, प्रमाण पत्र वितरित

136

मोतिहारी13 फरवरी, सुगौली प्रखण्ड के श्रीपुर चिंतमनपुर की 30 महिलाओं ने नाबार्ड द्वारा वित्त पोषित तथा कृषक विकास समिति एनजीओ द्वारा संचालित निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम में 15 दिनों तक मशरूम उत्पादन तथा विपणन पर गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल एक सामान्य प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं था, बल्कि यह एक ऐसा मंच था जिसने ग्रामीण महिलाओं को उनकी क्षमताओं को विकसित करने और अपने व्यवसाय में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान, प्रतिभागियों को मशरूम के उत्पादन, प्रबंधन, और विपणन की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी प्रदान की गई, जिससे उन्हें इस क्षेत्र में एक अच्छे व्यावसायिक योजना को बनाने की क्षमता मिली।

महिलाओं ने बताया कि वे अब अपने स्वयं के मशरूम उत्पादन इकाई की स्थापना करने के लिए तैयार हैं, जिससे वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार कर सकें। नाबार्ड डीडीएम आनंद अतिरेक ने प्रशिक्षुओं को बताया कि वर्तमान समय में मशरूम की मांग विशेष रूप से बढ़ चुकी है। मशरूम न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि शरीर के लिए भी अत्यधिक लाभप्रद होते हैं। इनमें विटामिन और कैल्शियम की भरपूर मात्रा होती है, जिससे यह हड्डियों के लिए अत्यंत फायदेमंद होते हैं। आनंद ने महिलाओं को सलाह दी कि वे सरकार की PMFME योजना के अंतर्गत कम दर पर खाद्य उद्योगों की स्थापना के लिए ऋण प्राप्त कर सकती हैं।

कृषक विकास समिति के अध्यक्ष उमशंकर प्रसाद और प्रशिक्षक रवीन्द्र कुमार ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को बताया कि सभी महिलाओं को कार्यक्रम के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र, पिपराकोठी में भी एक्सपोजर विजिट कराया गया था। डीडीएम आनंद ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया। उन्होंने ने बताया कि नाबार्ड की तरफ मशरुम उत्पादन की एक इकाई की स्थापना के लिए भी वित्तीय सहयता प्रदान की जाएगीl कार्यक्रम में जीविका के अधिकारियों की भी उपस्थिति रही l