भरतमही में बेटियों के सपनों को मिला ‘सुरक्षा का छाता’, 100 छात्राओं के बीच हुआ वितरण

83

रक्सौल/भरतमही। राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भरतमही में सोमवार को काली सेना की राष्ट्रीय प्रमुख पार्वती तिवारी के नेतृत्व में छात्राओं के बीच छाता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। काली सेना की बहनों के सहयोग से आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में करीब 100 छात्राओं को छाते वितरित किए गए। छाता पाकर छात्राओं के चेहरों पर खिली मुस्कान ने पूरे विद्यालय परिसर के माहौल को खुशी और उत्साह से भर दिया।

बारिश के मौसम में विद्यालय आने-जाने वाली छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किए गए इस प्रयास की विद्यालय परिवार और स्थानीय लोगों ने सराहना की। छात्राओं ने कहा कि छाता मिलने से उन्हें तेज बारिश और धूप से बचाव में काफी सुविधा होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जरूरत की वस्तु उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बेटियों की शिक्षा के प्रति समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना भी रहा।

इस अवसर पर काली सेना की राष्ट्रीय प्रमुख पार्वती तिवारी ने कहा कि किसी के जीवन में बड़ी क्रांति लाने के लिए हमेशा बड़ा काम करना जरूरी नहीं होता। कई बार छोटी-सी मदद भी किसी के सफर को आसान बना देती है। उन्होंने कहा कि काली सेना की कोशिश है कि जरूरतमंद बेटियों को ऐसा सहयोग मिले, जिससे वे तेज धूप या बारिश की चिंता किए बिना विद्यालय जा सकें और अपने सपनों की ओर निरंतर कदम बढ़ाती रहें। उन्होंने कहा कि “बेटियां पढ़ेंगी, आगे बढ़ेंगी और अपने सपनों को साकार करेंगी—यही हमारा संकल्प है।”

विद्यालय के प्रधानाध्यापक छोटे लाल राय ने काली सेना की पहल की सराहना करते हुए पार्वती तिवारी और उनकी पूरी टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि छात्राओं के बीच छाता वितरण जैसी पहल उनकी व्यावहारिक जरूरत पूरी करने के साथ-साथ बेटियों के प्रति समाज की जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का संदेश भी देती है। जब विद्यालय और समाज मिलकर बच्चों के हित में काम करते हैं तो उसका सकारात्मक प्रभाव उनके आत्मविश्वास और शिक्षा दोनों पर पड़ता है।

छाता प्राप्त करने वाली छात्राओं में प्रिया कुमारी, अंजू कुमारी, सुमि कुमारी, खुशी कुमारी, निभा कुमारी, नीलाम कुमारी, प्रिया तिवारी, सुजन कुमारी, कोमल कुमारी और शबनम खातून सहित लगभग 90 अन्य छात्राएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं अमरान अंसारी, मंज़र हुसैन, मृत्युंजय कुमारी गिरी, रूही प्रिया और शिल्पा कुमारी की उपस्थिति रही। वहीं काली सेना की राष्ट्रीय टीम से हीरा देवी, पूर्णिमा देवी, नीलू देवी, असमा खातून, रामकली देवी, तोता देवी, हेवंती देवी और रिंकी देवी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं। समाजसेवी आर्यन तिवारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

इस मौके पर लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322 ई के जोनल चेयरपर्सन सह डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन एवं भारत विकास परिषद् रक्सौल के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी तथा सामाजिक कार्यकर्ता बिमल सर्राफ ने बधाई देते हुए कहा कि काली सेना जिन उद्देश्यों को लेकर गठित की गई थी, उसका सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में भी ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने काली सेना को भविष्य में भी अपना पूरा सहयोग देने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम ने नारी शक्ति, सेवा भावना और बालिका शिक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया। छात्राओं को मिला छाता उनके लिए धूप और बारिश से बचाव का साधन तो बना ही, साथ ही यह सामाजिक सहयोग और विश्वास का प्रतीक भी बनकर सामने आया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि बेटियों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य की राह में समाज का सहयोग उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की नई ताकत दे सकता है।