शराब तस्करों पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई: तीन गिरफ्तार, 80 लीटर चुलाई शराब और बाइक बरामद

19

अरेराज। पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज अनुमंडल क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। उत्पाद थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी अभियान में विभागीय टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि 80 लीटर चुलाई शराब के साथ एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हरसिद्धि थाना क्षेत्र के कुबरा लोहड़या पुल के पास अवैध रूप से चुलाई शराब का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान टीम ने 80 लीटर चुलाई शराब बरामद की। साथ ही घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसका उपयोग शराब के परिवहन में किया जा रहा था। हालांकि इस मामले में शामिल कुछ अज्ञात कारोबारी मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इसी क्रम में उत्पाद विभाग की टीम ने पहाड़पुर थाना क्षेत्र के सरेयावृत्ती गांव में भी विशेष अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पहाड़पुर निवासी राघव प्रसाद, मलाही निवासी तूफानी कुमार तथा पश्चिमी चंपारण जिले के नौतन निवासी बबलू कुमार के रूप में की गई है। इन तीनों पर अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त होने का आरोप है।

उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि राज्य सरकार की शराबबंदी नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

इस सफल छापेमारी अभियान में उत्पाद थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर इमरान अंसारी, एएसआई अजीत कुमार सिंह, सिपाही कनक लाल यादव, आकाश राज सहित कई अन्य जवानों की सक्रिय भूमिका रही। टीम की तत्परता और सूझबूझ के कारण ही इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद करने में सफलता मिल सकी।

उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या तस्करी की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और समाज को इस अवैध कारोबार से सुरक्षित रखा जा सके।