चंपारण एक्सपो 2026 के चौथे दिन का दूसरा सत्र भव्य अंदाज़ में शुरू, उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल समेत कई गणमान्य अतिथियों ने किया उद्घाटन

14

मोतिहारी, 29 मार्च 2026:

मोतिहारी के ऐतिहासिक टाउन हॉल परिसर में आयोजित चंपारण एक्सपो 2026 के चतुर्थ दिवस के द्वितीय सत्र का भव्य उद्घाटन रविवार की शाम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। शाम करीब 5 बजे आयोजित इस सत्र का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।

इस अवसर पर बिहार सरकार के माननीय उद्योग मंत्री श्री दिलीप जायसवाल, क्षेत्रीय सांसद श्री राधा मोहन सिंह, नगर विधायक श्री प्रमोद कुमार, उपमहापौर श्री लाल बाबू गुप्ता तथा मोतिहारी उद्योग विभाग के महाप्रबंधक श्री शुभम कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने एक्सपो परिसर में लगे विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और वहां प्रदर्शित उत्पादों एवं सेवाओं की जानकारी विस्तार से प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान अतिथियों ने स्थानीय उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत उत्पादों की गुणवत्ता और विविधता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से न केवल स्थानीय उद्योगों को नई पहचान मिलती है, बल्कि युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में प्रेरणा भी मिलती है। साथ ही उन्होंने भविष्य में इस एक्सपो को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने के लिए आयोजकों को प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के दौरान पीआरडीए की एक प्रतिनिधिमंडल ने उपस्थित लोगों को पेंशन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान कीं, जिससे आम नागरिकों और व्यवसायियों को सरकारी योजनाओं की उपयोगिता समझने का अवसर मिला। यह पहल कार्यक्रम को सामाजिक रूप से भी उपयोगी बनाने में सहायक साबित हुई।

इस अवसर पर मोतिहारी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष महेश सिन्हा, महासचिव आलोक कुमार तथा नॉर्थ बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के श्याम भीमसरिया और सज्जन शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि चंपारण एक्सपो जैसे आयोजन क्षेत्रीय व्यापार और उद्योग को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और उद्यमियों से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह और सांस्कृतिक ऊर्जा से भर दिया, जिससे दर्शकों ने देर तक कार्यक्रम का आनंद उठाया।

ज्ञात हो कि चंपारण एक्सपो 2026 का आयोजन 26 मार्च से 30 मार्च तक मोतिहारी चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं नॉर्थ बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस एक्सपो में विभिन्न उद्योगों, स्टार्टअप्स तथा स्थानीय उद्यमियों द्वारा अपने उत्पादों और सेवाओं का आकर्षक प्रदर्शन किया जा रहा है, जो लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों को आयोजकों की ओर से शॉल और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मोतिहारी चैंबर के बीरेंद्र जालान, सुधीर अग्रवाल, सुरेश चंद्र, राजीव विजडम, अरविन सर्राफ, अनुपम जायसवाल, डॉ. विवेक गौरव, विनय देवकुलीयार, अनिल बोहरा सहित चैंबर ऑफ कॉमर्स के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शहरवासी और व्यवसायी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन मोतिहारी चैंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव आलोक कुमार द्वारा किया गया। आयोजन की जानकारी सह सचिव एवं मीडिया प्रभारी विनय देवकुलीयार ने साझा की।