भेलानारी मध्य विद्यालय में विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित, मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित

63

अरेराज प्रखंड अंतर्गत राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय भेलानारी में शनिवार को वर्ग आठ उत्तीर्ण कर विद्यालय से विदा ले रहे छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सम्मान समारोह और तिथि भोज के आयोजन ने कार्यक्रम को अत्यंत यादगार बना दिया। विदाई के भावुक क्षणों में जहां एक ओर छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों और साथियों से बिछड़ने को लेकर भावुक नजर आए, वहीं दूसरी ओर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ उन्हें सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें बच्चों ने गीत, नृत्य और भाषण के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले इस दीक्षांत समारोह के अंतर्गत इस वर्ष भी मेधावी विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया तथा उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर समाजसेवी ओम प्रकाश सिंह एवं मनीष सिंह के सौजन्य से विद्यार्थियों के लिए विशेष ‘तिथि भोज’ का आयोजन किया गया। भोज में बच्चों को बासमती चावल, दाल, सब्जी एवं पापड़ परोसा गया, जिसका सभी छात्र-छात्राओं ने आनंदपूर्वक स्वाद लिया। साथ ही वर्ग आठ उत्तीर्ण कर विद्यालय से विदा ले रही छात्राओं को स्कूल बैग, कॉपी एवं कलम जैसी आवश्यक पठन-पाठन सामग्री भी भेंट की गई, जिससे छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे बच्चे अपने जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सकारात्मक कार्यों का हिस्सा बनकर उन्हें अत्यंत खुशी और संतोष की अनुभूति हो रही है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक जीवन ज्योति, हितेश कुमार उपाध्याय, रमाशंकर पंडित, प्रदीप कुमार, कुमारी किरण मिश्रा एवं रूपा कुमारी मिश्रा की सक्रिय उपस्थिति रही। वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामीण सत्यदेव सिंह, तारकेश्वर मिश्रा, कौशल किशोर मिश्रा एवं चंदेश्वर सिंह सहित कई अभिभावकों ने भी सराहनीय योगदान दिया।

समारोह के अंत में शिक्षकों ने विदा ले रहे छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ, बल्कि विद्यालय और समाज के बीच मजबूत संबंधों का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर गया।

         संवाददाता: उज्जवल मिश्रा