तेतर दुर्गा मंदिर परिसर में श्री शतचंडी महायज्ञ: रामलीला में ताड़का वध प्रसंग बना आकर्षण का केंद्र, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

83

अरेराज गंडक तट के समीप स्थित गुरहा गांव के तेतर दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय श्री शतचंडी महायज्ञ में इन दिनों आस्था का जनसैलाब उमड़ रहा है। 19 मार्च से 27 मार्च तक चल रहे इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और पुण्य अर्जित कर रहे हैं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विश्व शांति, सुख-समृद्धि और लोककल्याण बताया गया है।

19 से 27 मार्च तक चल रहा नौ दिवसीय श्री शतचंडी महायज्ञ

महायज्ञ के चौथे दिन आयोजित रामलीला मंचन के दौरान ताड़का वध का प्रसंग श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। मंचन के दौरान महर्षि विश्वामित्र द्वारा भगवान श्रीराम को यज्ञ की रक्षा हेतु आमंत्रित करने और उसके बाद भगवान श्रीराम द्वारा अपने अद्भुत पराक्रम से राक्षसी ताड़का का वध कर ऋषियों के यज्ञ की रक्षा करने का दृश्य अत्यंत जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। इस भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया और पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

विश्व शांति और लोककल्याण के उद्देश्य से आयोजन

रामलीला के व्यास ठकन मिश्र ने अपने प्रभावशाली कथावाचन से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया, वहीं बाल कलाकारों के उत्कृष्ट अभिनय ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस मंचन के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि अन्याय और अत्याचार का अंत निश्चित है और सत्य की विजय अवश्य होती है।

चौथे दिन रामलीला में ताड़का वध प्रसंग बना मुख्य आकर्षण विधायक राजू तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन

कार्यक्रम का उद्घाटन गोविंदगंज विधायक एवं विधानसभा सचेतक राजू तिवारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विवेका पांडे, ऐश्वर्य मिश्रा, दुलार पांडे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

11 विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अनुष्ठान

महायज्ञ के दौरान 11 विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है। यज्ञाचार्य पंडित मदन शास्त्री अपने सहयोगियों के साथ पूरे आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी

आयोजन समिति के अध्यक्ष रामनिवास पांडे, प्रधान यजमान चंद्रभूषण पाठक, सरपंच धनंजय चौबे सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण इस महायज्ञ को सफल बनाने में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। वहीं यज्ञ संयोजक पंडित संजीव मिश्र एवं सह संयोजक चंद्रकिशोर प्रसाद चौरसिया के नेतृत्व में कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है।

पूरे पीपरा पंचायत क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और स्थानीय लोगों का उत्साह इस धार्मिक आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान कर रहा है। श्रद्धालुओं की निरंतर बढ़ती भागीदारी इस महायज्ञ की सफलता का प्रतीक बन रही है।

अरेराज से उज्जवल मिश्रा की खास रिपोर्ट