मोतिहारी: पवित्र रमजान माह के अंतिम शुक्रवार को शहर में अलविदा की नमाज पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ अदा की गई। नमाज अदा करने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में नमाजी मस्जिदों और ईदगाहों की ओर उमड़ पड़े। शहर के मीना बाजार, हसीना चौक से लेकर गाज़ियाबाद चौक तक नमाजियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। एक महीने के रोजे के बाद आने वाली ईद की खुशी नमाजियों के चेहरों पर साफ झलक रही थी।

नमाज के दौरान लोगों ने देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। हर तरफ इबादत का माहौल रहा और नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी। मुना कुरैशी और इमरान आलम सहित कई लोगों ने बताया कि रमजान का महीना त्याग, संयम और भाईचारे का संदेश देता है, और अलविदा की नमाज के साथ ही ईद की तैयारियां भी तेज हो जाती हैं।
वहीं, इस मौके पर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसके साथ ही एसडीपीओ सदर दिलीप कुमार और एसडीओ निशांत सिहरा भी मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

एसडीओ निशांत सिहरा ने बताया कि शहर में अलविदा की नमाज और नवरात्रि के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी तरह की असामाजिक घटना को रोका जा सके। उन्होंने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।
प्रशासन द्वारा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी और जगह-जगह निगरानी रखी जा रही थी। सीसीटीवी कैमरों और गश्ती दलों के माध्यम से पूरे शहर पर नजर रखी जा रही थी।, मोतिहारी में अलविदा की नमाज शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। अब लोगों को ईद का बेसब्री से इंतजार है, और बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है।










