मोतिहारी के कचहरी चौक स्थित प्रसिद्ध अनंत धाम दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। मंदिर में विगत 9 वर्षों से सेवा दे रहीं प्रभावती देवी और उनकी पतोह निशा कुमारी ने अपने अधिकारों को लेकर चिंता जताई है।
प्रभावती देवी ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से मंदिर परिसर में रहकर नियमित रूप से पूजा-अर्चना करती हैं और देवी-देवताओं का वस्त्र परिवर्तन का कार्य भी करती आ रही हैं। यह परंपरा मंदिर की स्थापना काल से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि इस मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा स्वर्गीय शांति देवी के परिवार द्वारा कराई गई थी और उसी परिवार की देखरेख में मंदिर का संचालन होता रहा है।
प्रभावती देवी के अनुसार, मंदिर के स्वामी मनोज पासवान हैं, और उनके निर्देश पर ही मंदिर से जुड़े सभी कार्य होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटा बरियारपुर निवासी अरविंद सिंह द्वारा उन्हें मंदिर से हटाने की कोशिश की जा रही है, जबकि उन्हें ऐसा करने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि अरविंद सिंह द्वारा मंदिर परिसर में मौजूद अन्य लोगों के सामने उन्हें वहां से हटने और भाग जाने की बात कही गई, जिससे वे काफी भयभीत और चिंतित हो गई हैं। प्रभावती देवी ने आशंका जताई कि उनके साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी घटना हो सकती है या उनके जान-माल को नुकसान पहुंचाया जा सकता है, क्योंकि उनका पूरा सामान मंदिर परिसर में ही रखा हुआ है और वे वहीं रात्रि विश्राम भी करती हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए 19 मार्च को मंदिर के स्वामी मनोज पासवान स्वयं मंदिर पहुंचे। उनके साथ नगर थाना के एएसआई सुजीत कुमार भी मौजूद थे। दोनों की मौजूदगी में मामले को शांत कराया गया और स्पष्ट किया गया कि मंदिर में पूर्व की तरह ही सभी धार्मिक कार्य संचालित होते रहेंगे।
मनोज पासवान ने साफ तौर पर कहा कि प्रभावती देवी और निशा कुमारी ही मंदिर में माता के वस्त्र बदलने और पूजा-अर्चना का कार्य आगे भी करती रहेंगी। प्रशासन की मौजूदगी में यह सहमति बनने के बाद फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
हालांकि, इस घटना ने मंदिर प्रबंधन और अधिकार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह के विवाद से आस्था प्रभावित होती है, इसलिए प्रशासन को ऐसे मामलों में सतर्कता बरतनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार है।










