मोतिहारी नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 32 में रमजान के तीसरे जुम्मा के अवसर पर गंगा-जमुनी तहजीब की अनोखी मिसाल देखने को मिली। वार्ड पार्षद डॉली सिंह के पति एवं पार्षद प्रतिनिधि राकेश सिंह के द्वारा बड़ी मस्जिद परिसर में भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के लगभग 300 से अधिक लोगों ने भाग लिया और रोजा इफ्तार कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
इफ्तार पार्टी में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक साथ बैठकर इफ्तार किया और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। रमजान के पवित्र महीने में आयोजित इस कार्यक्रम ने सामाजिक सौहार्द और एकता की मिसाल पेश की।
कार्यक्रम में मौजूद कबीर, फिरोज, मोहम्मद यूसुफ, परवेज सहित अन्य लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि हर साल की तरह इस वर्ष भी वार्ड पार्षद की ओर से इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया है। यह पहल समाज में भाईचारे और आपसी प्रेम को मजबूत करने का काम करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से विभिन्न समुदायों के बीच विश्वास और सद्भाव बढ़ता है, जो समाज के लिए बेहद जरूरी है।
इफ्तार कार्यक्रम के दौरान लोगों ने रमजान की अहमियत पर भी चर्चा की और आपसी एकता बनाए रखने का संदेश दिया। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया।
वहीं आयोजन के दौरान पार्षद प्रतिनिधि राकेश सिंह ने कहा कि मोतिहारी का वार्ड नंबर 32 हमेशा से आपसी भाईचारे और सौहार्द के लिए जाना जाता है। यहां हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग मिल-जुलकर रहते हैं और एक-दूसरे के त्योहारों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। उन्होंने कहा कि चाहे दिवाली हो, होली हो, ईद हो या बकरीद—सभी त्योहार इस वार्ड में मिलकर हंसी-खुशी के साथ मनाए जाते हैं।
राकेश सिंह ने आगे कहा कि हमारे वार्ड में कभी भी धर्म या जात-पात के आधार पर भेदभाव की भावना नहीं रही है। यहां सभी लोग एक परिवार की तरह रहते हैं और यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि अगर पूरे देश में इसी तरह का भाईचारा कायम हो जाए, तो हिंदू-मुस्लिम समुदाय के बीच किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न ही नहीं होगा।
इफ्तार पार्टी के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी और देश में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ की। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों ने पार्षद प्रतिनिधि राकेश सिंह की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं।








